खेलते-हंसते पोखरे पर नहाने गया था परंतु किसे पता था कि वही पोखरा उसकी जिंदगी की आखिरी मंज़िल बन जाएगा। जानकारी के अनुसार स्थानीय गांव निवासी गोलू पुत्र संजय राम, अपने दोस्तों संग गांव के पोखरे पर नहाने गया था। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ एक और लड़का भी डूबने लगा। बच्चों की चीख-पुकार सुन पास में मजदूरी कर रहे कुछ लोग दौड़े और दोनों को किसी तरह बाहर निकाला। एक बच्चे को बचा लिया गया परंतु गोलू की सांसें थम चुकी थीं। फिर भी उम्मीद की एक किरण लिए परिजन उसे रायपुर के निजी अस्पताल ले गये लेकिन डॉक्टरों ने साफ कह दिया अब यह बच्चा इस दुनिया में नहीं रहा।





