यात्रियों से भरी एसी बस खंती में पलटी, 8 घायल
दिल्ली से रायबरेली जा रही थी बस
अश्वनी सैनी
उन्नाव। दही थाना क्षेत्र के पुरवा मौरावां मार्ग पर ओरहर गांव स्थित मोड़ के सामने रविवार सुबह तेज रफ्तार एसी बस ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर खंती में जाकर पलट गयी। हादसे के वक्त बस में 45 यात्री सवार थे। बस पलटने से 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाल एंबुलेंस से इलाज के लिये सीएचसी बिछिया में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली से सवारियों को लेकर उन्नाव होते हुए रायबरेली जा रही तेज रफ्तार एसी बस दही थाना क्षेत्र के पुरवा मोड़ के आगे ओरहर मोड़ के सामने ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में जाकर खंती में पलट गयी। इस दौरान बस में 45 यात्री सवार थे। बस पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गयी। राहगीरों ने घटना की जानकारी दही थाना पुलिस और डायल 112 पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस के अंदर फंसे सभी यात्रियों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। इस दौरान 8 यात्री गंभीर घायल हो गये थे। पुलिस ने एम्बुलेंस से उन्हें इलाज के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछिया में भर्ती कराया। दो यात्रियों को गंभीर चोटें आयी हैं। पुलिस ने क्रेन की मदद से खंती में पलटी बस को बाहर निकलवाया है। अन्य यात्रियों को गंतव्य के लिए दूसरे वाहन से रवाना किया। घायलों में राकेश, अशोक कुमार, नंद कुमार, सियावटी, आशुतोष, शाबीर, प्रेमा एवं कमलेश हैं जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।