छल से एक दरवाजा तोड़ने वाले को दूसरा नहीं तोड़ने दूंगा: मिथिलेश
बक्सर के लिये ही जीना और मरना, कहीं और जाने वाला नहीं
अनीता पाण्डेय
नुआंव (बिहार)। बक्सर लोकसभा चुनाव में हार के बाद से बीजेपी प्रत्याशी व प्रदेश महामंत्री मिथिलेश तिवारी का लगातार मंडलवार क्षेत्र का दौरा शुरू है। इसी कड़ी में शनिवार की देर शाम स्थानीय बाजार स्थित सौरभ होटल पहुंचे जहां आभार सभा के जरिए कार्यकर्ताओं संग समीक्षा बैठक की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संदेश चौधरी ने किया। अपने संबोधन में प्रदेश महामंत्री ने कहा कि मेरे चुनाव हारने से आप लोगों को हतोत्साहित होने की जरूरत नहीं है। मुझे हराने के लिए राजद प्रत्याशी द्वारा झूठ का सहारा लेकर लोगों में भ्रम फैलाया गया।
बाहरी भीतरी का नारा देकर और फंडिंग करके मेरे खिलाफ पांच निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतारा गया जिसके कारण पार्टी को मिलने वाले 71 हजार से ज्यादा वोट कट गए और आप 30 हजार से चुनाव हार गए। श्री तिवारी ने आगे कहा कि मैं कहीं और जाने वाला नहीं हूं। बक्सरवासियों का प्यार पाकर मेरा मन पूर्ण रूप से बक्सर का हो गया हूं। बक्सर के लिए जीना है और बक्सर के लिए ही मरना है। बक्सर का आजीवन निवासी होने की सारी प्रक्रिया शुरू है। श्री तिवारी ने राम बनवास पर चर्चा करते हुए कहा कि कैकई के साथ अयोध्या में मंथरा नहीं होती तो अयोध्या से श्री राम का बनवास नहीं हुआ होता और रावण का बध नही हुआ होता। ठीक उसी तरह बक्सर से मेरा 5 वर्षों का बनवास हुआ है तो निश्चित ही रावण का वध होगा। रामगढ़ विधानसभा में तो बहुत से रावण हैं उन सभी का हिसाब किताब उपचुनाव में किया जाएगा। छल से एक दरवाजा तोड़ने वाले को दूसरा दरवाजा तोड़ने में सफल नहीं होने दूंगा। बक्सर की हार का बदला आप सभी के सहयोग से रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव जीतकर लिया जाएगा।इस दौरान उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि आप लोग गरीब और दलित बस्ती में जाकर मोदी सरकार की मुक्त राशन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान कार्ड योजना आदि के लाभुकों को बताना होगा कि यह सब मोदी जी के सरकार द्वारा आपसभी को लाभ मिल रहा है। जब आप सभी ऐसा करेंगे तो वैसे भाइयों का मत बीजेपी को मिलने लगेगा।
सभा को पूर्व विधायक अशोक सिंह, जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल, विधानसभा प्रभारी दीनानाथ सिंह व कृपाशंकर चौबे ने भी संबोधित किया। राजद छोड़कर आए तीन लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की जिन्हें प्रदेश महामंत्री द्वारा अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नमो नारायण चतुर्वेदी, जिला महामंत्री राजीव श्रीवास्तव, रमाकांत सिंह, रिंकू राय, नागेंद्र राय, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम राय, विश्वंभर सिंह, अछैवर सिंह, शिवमूर्ति सिंह, सुनील पटेल समेत एनडीए के कार्यकर्ता मौजूद थे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















