वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ मां दुर्गा जी का हवन

  • वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ मां दुर्गा जी का हवन

तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। मेहनाजपुर शारदीय नवरात्रि पर क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। जनपद की बाजारों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष जय मां सिद्धेश्वरी दुर्गा पूजा समिति सिधौना के कार्यकर्ताओं द्वारा नौ दिनों तक विधि-विधान से पूजा-पाठ करने के बाद आज वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन का आयोजन किया गया। हवन के दौरान पूरा पूजा पंडाल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना कया।
वहीं हवन को विधिवत रूप से पंडित राम प्रसाद मिश्रा ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ संपन्न कराया। नौ दिनों तक चले पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के समापन पर हवन के माध्यम से मां दुर्गा की आराधना की गई। इस दौरान पूजा समिति के कार्यकर्ताओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई। नवरात्रि के दौरान क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इसी क्रम में ग्रामसभा बेला में स्थित जय मां काली नवयुवक मंगल दल दुर्गा पूजा समिति की ओर से भी हवन का आयोजन हुआ जहां वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के बाद हवन संपन्न कराया गया। समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। धार्मिक कार्यक्रमों के क्रम में भंडारा भी हुआ। समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह एवं उनके कार्यकर्ताओं ने पूजा पाठ के बाद राम प्रसाद मिश्र को सम्मानित किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 9 दिनों तक अखिलेश सिंह अपने हमराहियों के साथ क्षेत्र में भ्रमण करते रहे जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे।