निमोनिया से पीड़ित बच्चे दो सप्ताह में 7 भर्ती

  • निमोनिया से पीड़ित बच्चे दो सप्ताह में 7 भर्ती

तेजस टूडे ब्यूरो
अश्विनी सैनी
उन्नाव। सुबह-शाम बढ़ती ठंड से बच्चों में निमोनिया का खतरा मंडराने लगा है। जिला अस्पताल में दो सप्ताह में निमोनिया पीड़ित सात बच्चे भर्ती हुए हैं जबकि ओपीडी में रोजाना 35 से अधिक बच्चे खांसी-जुकाम और सांस संबंधी परेशानी लेकर पहुंच रहे हैं। गुरुवार को बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में 370 बच्चे पहुंचे। गुरुवार को दिन और रात के तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस का अंतर रिकॉर्ड किया गया। इससे कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित कर रहा है। खासकर बच्चों में सर्दी-जुकाम की शिकायतें बढ़ रही हैं। पहले खांसी और जुकाम, फिर कई बच्चों में निमोनिया के लक्षण सामने आ रहे हैं। जिला अस्पताल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी सांस संबंधी परेशानी वाले बच्चों की संख्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित श्रीवास्तव के मुताबिक मौसम बदलने के दौरान बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है। ऐसे में छोटे बच्चों को संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। अभिभावकों को बच्चों के लक्षणों पर नजर रखने की सलाह दी जा रही है।

तेज सांस एवं सुस्ती को न करें नजरअंदाज
डॉक्टर के अनुसार तेज बुखार, लगातार खांसी, तेजी से सांस चलना, सीने में दर्द और दूध या भोजन लेने से मना करना निमोनिया के लक्षण हो सकते हैं। छोटे बच्चों में सांस लेते समय पसलियों के नीचे का हिस्सा अंदर धंसना गंभीर संकेत है। बच्चा सुस्त पड़ने लगे या उसके होंठ नीले दिखाई दें तो उसे तत्काल अस्पताल ले जाना चाहिए।