ट्रक—कार की आमने—सामने टक्कर में महिला समेत 4 लोगों की हुई मौत
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र में हुए भयंकर सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई तथा तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र में चौका घाट के पास सोमवार सुबह लखनऊ की तरफ से आ रही अर्टिगा गाड़ी की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। जबरदस्त टक्कर के चलते अर्टिगा गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। भीषण सड़क हादसे में अर्टिगा में सवार तीन पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार गोंडा के प्रॉपर्टी डीलर रमाशंकर मौर्य, अपनी पत्नी, पुत्र, पुत्री और साले सुधीर व उसकी पत्नी शांति देवी के साथ कार द्वारा कानपुर से गोंडा वापस लौट रहे थे। सोमवार सुबह रामनगर कोतवाली क्षेत्र में बाराबंकी बहराइच हाईवे पर ट्रक की टक्कर से कार में सवार रमाशंकर मौर्य, सुधीर, सुधीर की पत्नी शांति और गाड़ी चला रहे चालक अयान की दर्दनाक मौत हो गई। रमाशंकर की पुत्री, पुत्र और पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं।
जिला अस्पताल में मिले परिजनों ने बताया कि कानपुर में एक सगाई कार्यक्रम था जहां पूरा परिवार व रिश्तेदार तीन-चार वाहनों से गए थे। रमाशंकर गोंडा कोतवाली के खेरवा गांव निवासी हैं। इस सम्बंध में अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना के जिम्मेदार ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






