मदाफरपुर चौकी इंचार्ज भूपेश नाथ को दी गई भावभीनी विदाई
महेशगंज थानाध्यक्ष बनने पर क्षेत्रवासियों ने दी बधाई

तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र सिंह
पट्टी, प्रतापगढ़। स्थानीय क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली, अपराधियों के प्रति सख्त रुख और जनसंपर्क के लिए जाने जाने वाले मदाफरपुर चौकी इंचार्ज भूपेश नाथ सिंह का स्थानांतरण महेशगंज थाने के थानाध्यक्ष के रूप में होने पर स्थानीय नागरिकों एवं पुलिस कर्मियों ने उन्हें भव्य विदाई दी। थाना कोहंडौर और मदाफरपुर चौकी परिसर में आयोजित विदाई समारोह के दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोगों, व्यापारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। भूपेश नाथ सिंह ने मदाफरपुर चौकी इंचार्ज के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधियों पर नकेल कसने और आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके कार्यकाल में क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल रहा, जिसके चलते स्थानीय लोगों के बीच उनके प्रति एक विशेष आदर और लगाव बन गया था। विदाई समारोह के दौरान वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि भूपेश नाथ सिंह ने हमेशा एक संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी की मिसाल पेश की है। उन्होंने हर फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और उसका समयबद्ध निस्तारण किया। इस अवसर पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक, व्यापारी वर्ग और पुलिस बल के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने नम आंखों और उत्साह के साथ उन्हें नए कार्यभार की बधाई दी।







