दबंगों ने युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर किया जख्मी, हालत गम्भीर
पुलिस ने कार्यवाही नहीं की तो युवक ने निगला जहरीला पदार्थ
पीड़ित का आरोप— पुलिस ने बड़ी मुश्किल से दर्ज किया मुकदमा
अश्वनी सैनी
उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र के राम सिंह खेड़ा गांव निवासी युवक पडोस के गांव में मित्र के यहां होली मिलने गया। वहां पहले से ही मौजूद दबंग जिनकी पहले से ही पुरानी रंजिश चली आ रही थी। उन्होंने उसे घेरकर कुल्हाड़ी से वार कर जमकर मारा पीटा और घायल कर दिया। इसके बाद गंभीर हालत में उसे सीएचसी मियागंज में भर्ती कराया गया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किया लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने से आहत होकर पीड़ित ने जहरीला पदार्थ निगल लिया जहां उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार माखी थाना क्षेत्र के राम सिंह खेड़ा गांव का रहने वाला विजय पुत्र ठाकुर प्रसाद बीते 26 मार्च की रात पास के ही गांव पोले खेड़ा में अपने मित्र के यहां होली मिलन के लिए गया था। इसी दौरान पोले खेड़ा गांव की रहने वाले राजा पुत्र सिंहनाथ, राकेश पुत्र श्रीराम, भोले पुत्र रामनरेश, नीरज पुत्र बंसी ने उसे रोककर पुरानी रंजिश के चलते मारने पीटने लगे। इस बात का उसने विरोध किया तो दबंगों ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया। चीखने—चिल्लाने की आवाज सुनकर पास मौजूद लोगों ने उसे किसी तरह बचाया। घायलावस्था में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मियागंज में भर्ती कराया जहां डॉक्टर ने उसका उपचार किया।
पीड़ित ने मामले की लिखित तहरीर माखी थाना पुलिस को दी। पुलिस तहरीर के आधार पर मारपीट एवं जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित विजय ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई भी कठोर कार्रवाई नहीं की जिससे आहत होकर उसने शनिवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ी तो परिजनों ने उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज है। जांच पड़ताल की जा रही है। जहर निगलने जैसी जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।