बांदा प्रीमियर लीग जूनियर अण्डर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का होगा शानदार आगाज
युवा प्रतिभाओं को मिलेगा अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। जनपद के उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से बांदा प्रीमियर लीग जूनियर अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रस्तावित टूर्नामेंट का आयोजन दिसंबर 2026 में पुलिस लाइन ग्राउंड बांदा में होगा। आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों का ट्रायल 22 नवंबर को स्थानीय हार्पर क्लब संकट मोचन मंदिर बांदा में आयोजित किया जाएगा। इस ट्रायल के माध्यम से जिले की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं का चयन कर उन्हें आगे जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार किया जाएगा।
प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें प्रतिभाग करेंगी, जिनमें सैंड डायमंड्स, कालिंजर वारियर्स, रनगढ़ यार्कर, नवाब टैंक वेव्स, बाम्बेस्वर ट्रैकर, केन रोवर्स, कर्वी गोल्डन ईगल, शजर किंग शामिल हैं। आयोजन समिति में शुभम् सिंह, सलमान हाशमी, स्कंध भारद्वाज, विप्रांश यादव सहित अन्य सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। क्रिकेट प्रशिक्षण के क्षेत्र में सलमान हाशमी पिछले कई वर्षों से बच्चों को क्रिकेट की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहे हैं। इसी प्रयास को आगे बढ़ाते हुए बांदा प्रीमियर लीग जूनियर अंडर-14 के माध्यम से बच्चों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का बेहतर अनुभव और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
आयोजन समिति का उद्देश्य जनपद की छिपी हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें उचित प्रशिक्षण एवं मंच उपलब्ध कराना तथा भविष्य के लिए बेहतर क्रिकेट खिलाड़ी तैयार करना है। आयोजन समिति ने जनपद के सभी युवा क्रिकेट खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों से अपील किया कि अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन से जुड़ें और बांदा की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग प्रदान करें।











