प्राथमिक की मान्यता लेकर चला रहे इण्टर तक की कक्षाएं!
राही ब्लाक में बिना मान्यता के चल रहा विवेकानन्द पब्लिक स्कूल एवं बाबू हरिपाल सिंह स्मारक स्कूल
तेजस टूडे सं.
शरद अवस्थी
रायबरेली। सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद भी गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों का संचालन बंद नहीं कराया जाना सवालों के घेरे में है। बताते चलें कि राही ब्लाक में कई ऐसे विद्यालय हैं जिनके पास प्राथमिक तक की मान्यता प्राप्त है लेकिन विभागीय अधिकारियों के रहमों करम पर इंटर तक की कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि राही ब्लाक के रामगंज में विवेकानंद पब्लिक स्कूल बिना मान्यता के चल रहा है जिसको कई बार नोटिस देकर महज खानापूर्ति कर दी गई। इसको लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। भदोखर क्षेत्र में माया मिशन पब्लिक स्कूल कचौदा मोहद्दीपुर प्राथमिक की मान्यता लेकर बकायदा इंटर कालेज तक संचालित किया जा रहा है।
एवीवीएसएम स्कूल के बारे में बताया जाता है कि मान्यता भरतगंज के पते पर प्राथमिक की संदेहास्पद मान्यता के दम पर जूनियर तक संचालन अन्य गांव चकपालव में किया जा रहा है। ऐसे ही दर्जनों विद्यालय हैं जिनके पास किसी भी प्रकार की कोई मान्यता नहीं है लेकिन कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। कोई भी विभागीय अधिकारी इनको बंद कराये जाने की जहमत नहीं उठा रहा है जिससे साफ जाहिर है कि विभागीय जिम्मेदार सरकार की मंशा के विपरीत कार्य कर रहे हैं।
——इनसेट——
अग्निशमन की गाड़ी जाने का नहीं है रास्ता, फिर भी विभाग से मिल गयी एनओसी
किसी भी विद्यालय की मान्यता लेते समय प्रबंधन को अग्निशमन विभाग से एनओसी लेना अनिवार्य होता है। हास्यास्पद है कि राही ब्लाक क्षेत्र के अनुरुद्धपुर में संचालित सिग्मा पब्लिक स्कूल और देवकली शांति एक्सीलेंट पब्लिक स्कूल में अग्निशमन का वाहन जाने के लिए कोई सुगम मार्ग नहीं होने के बाद भी एनओसी दे दी गई। किसी भी आपातकाल की स्थिति में वाहन जाने के रास्ता नहीं होने के बाद भी विद्यालय के संचालन को लेकर स्थानीय लोगों में तरह तरह की चर्चा हो रही है। दिलचस्प है कि उल्लेखित दोनों विद्यालय की बसें स्कूल तक रास्ता नहीं होने के कारण प्रतापगढ़ राजमार्ग की पटरी पर अथवा उसके किनारे ही खड़ी रहती हैं। अब देखना है कि कब विभागीय लोग कुम्भकरणी नींद से जागते हैं और इन विद्यालयों को दी गई मानकविहीन मान्यता की जांच करके कार्यवाही अमल में लाई जाती है?
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














