प्रो. राधावल्लभ को मिलेगा डा. रामविलास शर्मा आलोचना सम्मान
प्रो. राधावल्लभ को मिलेगा डा. रामविलास शर्मा आलोचना सम्मान
रूपा गोयल
बांदा। केदार स्मृति न्यास द्वारा प्रदान किया जाने वाला डा. रामविलास शर्मा आलोचना पुरस्कार 2023 सुपरिचित एवं प्रतिष्ठित आलोचक प्रो. राधावल्लभ त्रिपाठी को प्रदान किये जाने की घोषणा की है। आलोचना सम्मान की प्रशस्ति में कहा गया है कि आचार्य राधावल्लभ त्रिपाठी ने संस्कृत साहित्य एवं परम्परा के अपने प्रामाणिक ज्ञान और गहरे अध्ययन का उपयोग कर हिन्दी आलोचना में संस्कृत चिन्तन और संस्कृत में विकसित भाषा, नाट्य, सौन्दर्य सम्बन्धी अवधारणाओं को विशद रूप से व्यक्त किया है।
इनमें से कई अवधारणाओं और युक्तियों से उन्होंने समकालीन हिन्दी साहित्य की कुछ कृतियों एवं कृतिकारों का विश्लेषण भी किया है। उनके इस सार्थक हस्तक्षेप से हिन्दी आलोचना की जातीय स्मृति और परम्परा की समझ समृद्ध हुई है। इसके साथ साथ संस्कृत में अन्तर्भूत दृष्टियों, विचारों और संवादों की आधुनिक प्रासंगिकता भी प्रकट हो रही है। इससे पूर्व इस महत्वपूर्ण सम्मान से रघुवंशमणि त्रिपाठी, प्रदीप सक्सेना, विनोद शाही, गोपेश्नर सिंह, शम्भुनाथ, रोहिणी अग्रवाल, बजरंग बिहारी तिवारी, विजय बहादुर सिंह आदि आलोचकों को सम्मानित किया जा चुका है। निर्णायक मण्डल में प्रो. निर्मला जैन, अशोक बाजपेयी एवं प्रो. नित्यानंद तिवारी हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।