नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में अब सब चंगा: सीएम
बदायूं में परिवारवाद पर बरसे योगी आदित्यनाथ
अंकित सक्सेना
बदायूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगर निकाय चुनाव को लेकर लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। इसी क्रम में सीएम योगी रविवार दोपहर बदायूं पहुंचे। उन्होंने शहर के इस्लामियां इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित किया।
नगर निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। इसी क्रम में सीएम योगी ने रविवार को बदायूं में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले यहां दंगे होते थे। कर्फ्यू लगता था, अराजकता रहती थी। आज नो कर्फ्यू नो दंगा। यूपी में अब सब चंगा।

इसके पहले मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 1:14 बजे पुलिस लाइन मैदान में उतरा। हेलीपैड पर माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी, हर प्रसाद पटेल, राजेश यादव, पूनम यादव समेत कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। पुलिस लाइन मैदान से मुख्यमंत्री काफिले के साथ रवाना हुए। वह इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में 1.32 पर पहुंचे। एक बजकर 39 मिनट पर उनका संबोधन शुरू हुआ।
परिवारवाद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले परिवारवादी लोग युवाओं के हाथ में तमंचे पकड़वाते थे। आज युवाओं के हाथों में टैबलेट हैं।

मुख्यमंत्री ने करीब 10 मिनट तक सरकार की योजनाओं को गिनाया। इसके बाद नगर निकाय प्रत्याशियों के पक्ष में जनता से समर्थन की अपील की।
सीएम योगी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुये कहा कि लोगों को आवास की सुविधा मिली है। करोड़ों लोगों के घरों में शौचालय बने हैं। रसोई गैस के कनेक्शन उपलब्ध हो गए। उन्होंने कहा कि भारत इकलौता देश है जिसने 80 करोड़ लोगों को कोरोना काल में निशुल्क राशन दिया। यूपी में 15 करोड़ लोगों को पिछले तीन वर्ष से फ्री में राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
बदायूं जिले की 7 नगर पालिका और 14 नगर पंचायतों में 11 मई को मतदान है। भाजपा प्रत्याशी जनसंपर्क में जुट हुए हैं। सीएम योगी की जनसभा से सियासी पारा और बढ़ गया है। सीएम योगी की जनसभा में जिलेभर की नगर पालिका और नगर पंचायतों से लोगों को बुलाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह बैरीकेडिंग की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जाते ही शहर में बादल छा गए और थोड़ी ही देर में आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे शहर में कई जगह जलभराव हो गया। गनीमत रही कि जनसभा होने के बाद मौसम बदला, जिससे प्रत्याशियों समेत भाजपाई और पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।
इसी क्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हर निकाय में भाजपा ट्रिपल इंजन की सरकार बनायेगी। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का सबका साथ सबका विकास आधार है, निश्चित तौर पर निकाय चुनाव में सपा, बसपा, कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा। केन्द्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा, आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, सांसद बदायूँ डॉ0 संघमित्रा मौर्य, विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, विधायक राजीव सिंह, विधायक बिल्सी हरीश शाक्य ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता एवं दीपमाला गोयल ने अतिथियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रभारी राकेश मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, प्रभारी मंत्री गुलाब देवी, आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, सांसद डॉ0 संघमित्रा मौर्य, विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, विधायक राजीव सिंह, विधायक बिल्सी हरीश शाक्य, एमएलसी वागीश पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, प्रदेश मंत्री डीपी भारती, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, पूर्व मंत्री छत्रपाल गंगवार, डीके भारद्वाज, दीपमाला गोयल, पूनम अग्रवाल, अनुज माहेश्वरी, हरिओम पाराशरी, ज्ञानवती सागर, नैना गुप्ता, मरगून अहमद खाँ, धीरेंद्र पाल गुप्ता, गौरव गुप्ता, रेखा गुप्ता, तारा देवी, आसिम हुसैन, जगदीश लोनिया, ज्योति रावत, संगीता वार्ष्णेय, विकार अहमद, अनुपम पाठक, प्रदीप गुप्ता, सीमा चौधरी, भावना वार्ष्णेय, पार्वती, जिला चुनाव संयोजक आशीष शाक्य मंच पर मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।





