नवागत डीएम डा. उज्ज्वल कुमार ने सम्भाली फिरोजाबाद की कमान
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। जनपद गोंडा से स्थानांतरित होकर आए नवागत जिलाधिकारी डा. उज्जवल कुमार ने सोमवार को पूर्वान्ह जिले का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होने निरीक्षण भवन पहुंचकर सबसे पहले गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। उसके पश्चात जिलाधिकारी ने कोषागार पहुंचकर डबल लॉक का विधिवत चार्ज लिया। नवागत जिलाधिकारी वर्ष 2012 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी है। जिलाधिकारी के रूप में यह जनपद उनका तीसरा जनपद है। इसके पहले वह महाराजगंज व गोंडा के जिलाधिकारी रह चुके हैं।

इसके अतिरिक्त वह मुख्य विकास अधिकारी केे पद पर मैनपुरी, मुरादाबाद रह चुके हैं। वह नगर आयुक्त के पद पर भी तैनात रहकर जनपद मथुरा व प्रयागराज में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
इसके अतिरिक्त वह सूचना निदेशक व उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव व प्रबन्धन निदेशक सूचना एवं तकनीकी जैसे बडे़ पदों पर तैनात रहे हैं। जिलाधिकारी ने जिले का कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात् उन्होंने अपने कार्यालय में बैठ कर जिले के अफसरों का परिचय लिया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग अधिकारियों से वार्ता कर उनके द्वारा किए जा रहें कार्यों को जाना।
उन्होंने जिला विकास अधिकारी से जनपद में किए जा रहे विकास के कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इसी प्रकार उन्होने मनरेगा व आवासीय योजनाओं की स्थिति को परियोजना निदेशक से जाना और सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह आपसी समन्वय बनाकर टीम भावना के साथ कार्य करें।
उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान एक प्रश्न के जवाब पर कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंदों को सरलता से मिले और जनपद की बेहतर कानून व्यवस्था के साथ जनपद का बहुमुखी विकास कराना उनकी शीर्ष प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन की योजनाओं का बेहतरीन क्रियान्वयन करना है जिससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आखिरी पायदान के व्यक्ति को मिल सकें।
जनता की समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण कराने के साथ भारत सरकार के स्वच्छ मिशन कार्यक्रम द्वारा जनपद की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने अपना कार्यभार ग्रहण के पश्चात् शिकायत लेकर आये फरियादियोें को एक-एक कर सुना और मौके पर उपस्थित सम्बन्धित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शिकायत निस्तारण करने के निर्देश देने के साथ उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतकर्ताओं की पूर्ण संतुष्टि ही शिकायत निस्तारण का पैमाना होगा। जिसके लिए उन्होंने उपजिलाधिकारियों सहित सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उनके द्वारा भेजी गयी शिकायतों पर क्या कार्यवाही हुई है, इसकी जानकारी शाम को रोज के रोज उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए उन्होंने संबंधितों को अलग से एक पंजिका बनाने के भी निर्देश दिए है।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, अपर जिलाधिकारी अभिषेक सिंह, एसडीएम डा बुशरा बानो, एसडीएम आदेश सागर, नगर मजिस्ट्रेट मनोज सागर, वरिष्ठ कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी दयाशंकर, समस्त एसडीएम ने पुष्प गुच्छ देकर नवागत जिलाधिकारी का स्वागत किया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








