उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर हुआ भीषण सड़क हादसा

  • उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर हुआ भीषण सड़क हादसा

  • 5 युवकों की हुई दर्दनाक मौत, दो की हालत गम्भीर

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल मोबीन सिद्दीकी
बलरामपुर। जनपद में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पांच युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के अनुसार यह भीषण हादसा देर रात करीब 11 बजे उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर अकसी बड़हरा गांव के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे की चपेट में दो पैदल राहगीर भी आ गए। दुर्घटना में कुल सात लोग प्रभावित हुये।
घटना की सूचना मिलते ही उतरौला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने 5 युवकों को मृत घोषित कर दिया। घायलों में दो लोग शामिल थे। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया जबकि दूसरे घायल को उसके परिजन अपनी इच्छा से आगे के उपचार के लिए साथ ले गये।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह स्वयं क्षेत्राधिकारी उतरौला के साथ घटनास्थल पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा मृतकों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। मीडिया से बातचीत में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर का प्रतीत हो रहा है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मृतकों में गुफरान 18 वर्ष पुत्र नूर निवासी ग्राम बरदही थाना उतरौला जनपद बलरामपुर, सलीम 20 वर्ष पुत्र मोहम्मद रईस निवासी बड़हरा खुर्द गौरियनडीह थाना उतरौला जनपद बलरामपुर, रहमत 30 वर्ष पुत्र फैजल निवासी चन्द्रापुर चिताई थाना श्रीदत्तगंज जनपद बलरामपुर, तौफीक 19 वर्ष पुत्र फैजल निवासी छपरतलवा थाना सादुल्लानगर जनपद बलरामपुर, मोहम्मद फारूक 20 वर्ष पुत्र हैदर निवासी बड़हरा खुर्द थाना उतरौला जनपद बलरामपुर हैं। वहीं घायलों में मुजम्मिल खान 20 वर्ष पुत्र सिकंदर अली निवासी बड़हरा खुर्द गौरियनडीह थाना उतरौला जनपद बलरामपुर, नाहिद अली 18 वर्ष पुत्र समीर अली निवासी बड़हरा खुर्द गौरियनडीह थाना उतरौला जनपद बलरामपुर हैं। पुलिस अधीक्षक ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और इस कठिन समय में बलरामपुर पुलिस पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। यदि जांच में किसी अन्य वाहन की भूमिका सामने आती है तो उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।