दिल्ली के मंच पर चमका झांसी का नाम, अरविन्द वशिष्ठ को मिली मानद डॉक्टरेट

  • दिल्ली के मंच पर चमका झांसी का नाम, अरविन्द वशिष्ठ को मिली मानद डॉक्टरेट

तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। समाजसेवा और राजनीतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए झांसी के वरिष्ठ समाजसेवी एवं राजनेता अरविंद वशिष्ठ को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के रेडिसन ब्लू होटल में दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ वृंदावन धाम (मथुरा) की ओर से आयोजित भव्य समारोह में उन्हें प्रतिष्ठित ‘विद्या वाचस्पति सारस्वत सम्मान’ प्रदान किया गया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे विद्वानों एवं विशिष्ट प्रतिभाओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय झांसी के पूर्व कुलपति पद्मश्री डॉ. अरविंद कुमार रहे। अध्यक्षता विद्यापीठ के कुलपति डॉ. इंदुभूषण मिश्र देवेंदु ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में सुभारती विश्वविद्यालय मेरठ के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इंद्रजीत सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस मौके पर पद्मश्री डॉ. अरविंद कुमार ने हिंदी भाषा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान के अनुच्छेद 343(1) के तहत हिंदी को भारत की राजभाषा का दर्जा प्राप्त है। हिंदी की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इसे राष्ट्रभाषा का दर्जा दिए जाने की आवश्यकता है। विद्यापीठ के कुलपति डॉ. इंदुभूषण मिश्र ने कहा कि संस्था द्वारा यह सम्मान हिंदी लेखन, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, चिकित्सा सेवा, विधिक सहायता और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को प्रदान किया जाता है। इसी क्रम में अरविंद वशिष्ठ को समाजसेवा एवं राजनीतिक क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट की उपाधि से नवाजा गया। झांसी के लिए गौरव का विषय बने इस सम्मान समारोह का संचालन कशिश चावला ने किया।