Jaunpur News: दादर पुल पर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की हुई मौत, साथी बाल-बाल बचा

  • दादर पुल पर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की हुई मौत, साथी बाल-बाल बचा

  • वाहन से पास लेने के दौरान अनियंत्रित हुई बाइक

  • अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गयी जान

तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय नगर के दादर पुल पर बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी दूर जा गिरने से बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान अतुल कुमार (21) पुत्र सत्यदेव निवासी मीर अहमदपुर शहजादा थाना दीदारगंज जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अतुल नगर के एक निजी अस्पताल में नौकरी करता था। बुधवार सुबह वह अपने गांव के साथी आकाश पुत्र रत्नेश के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान दादर पुल पर एक वाहन से आगे निकलने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और अतुल सामने से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि पीछे बैठा आकाश बाइक से दूर जा गिरा और उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।