हनुमान जयन्ती पर अजोशी धाम में उमड़े श्रद्धालु, महावीर का हुआ विशेष श्रृंगार
विशेष पूजन-अर्चन के बाद भव्य महाआरती में शामिल हुये भक्त
तेजस टूडे सं.
सौरभ सिंह
सिकरारा, जौनपुर। हनुमान जयंती पर अजोशी धाम में शनिवार को श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया जो देर तक जारी रहा। भक्तों ने संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना किया।
इस मौके पर मंदिर में विराजमान महावीर का आकर्षक विशेष शृंगार किया गया। फूलों और विभिन्न पूजन सामग्रियों से सजे हनुमान जी के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव—विभोर हो उठे। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत विधि-विधान से महाआरती की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय बजरंग बली के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर बजरंग बली का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे धाम में दिन भर भक्तिमय वातावरण बना रहा।











