अस्पताल मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, परिजनों ने उठायी जांच की मांग
रात में घर आने के लिये किया था फोन, सुबह कमरे में बेहोशी की हालत में मिले

तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। स्थानीय कस्बे के राज हॉस्पिटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत पंकज चौबे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना को लेकर परिजनों ने संदेह जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मौत के कारणों का पता लगाने की मांग की है। मृतक के भाई रविंद्र चौबे ने बताया कि उनके भाई पंकज चौबे ने बीती रात करीब आठ बजे के बाद घर आने के लिए फोन किया था। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका। कई बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। इसी बीच बंटी नामक युवक ने उनके जीजा को फोन कर पंकज की तबीयत खराब होने और बेहोशी की हालत में होने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। कमरे में देखा तो पंकज चौबे बिस्तर पर लेटे हुए थे और बंटी उन्हें सीपीआर देकर होश में लाने का प्रयास कर रहा था। रविंद्र चौबे के अनुसार भाई के पैर को छूकर देखने पर उनका शरीर काफी सख्त हो चुका था। इसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। वहीं मुगलसराय थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि दांडी निवासी विक्रम से जुड़े मामले में सुबह एक युवक आकाश का शव बरामद हुआ है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के शराब पीने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







