स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में हस्तनिर्मित उत्पादों की लगी प्रदर्शनी, स्वदेशी को मिल रहा बढ़ावा
तेजस टूडे ब्यूरो
मुम्बई। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनपा के/पश्चिम नियोजन विभाग ने महिला बाल कल्याण विभाग के सहयोग से अंधेरी (पश्चिम) स्थित जे.पी. रोड के अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई। इसमें महिला बचत गटों की कारीगरों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। इस संबंध में मनपा के/पश्चिम प्रभाग समिति की पूर्व अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक-69 की नगरसेविका सुधा सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शनी स्थानीय विधायक एवं भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम के मार्गदर्शन में आयोजित की गई है।
प्रदर्शनी में दिवाली के मद्देनजर महिला बचत गटों की कारीगरों द्वारा तैयार खाद्य पदार्थों, सौंदर्य प्रसाधन और सजावटी सामानों तथा आकर्षक दीयों सहित विभिन्न हस्तनिर्मित वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके हुनर के माध्यम से रोजगार और बाजार उपलब्ध कराना है, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर स्थानीय कारीगरों की मेहनत को उचित पहचान दिलाना भी इस पहल का मकसद है। इस अवसर पर नगरसेवक विट्ठल बन्देरी, नगरसेवक रूपेश सावरकर, सरिता राजपुरे सहित मनपा के/पश्चिम प्रभाग के बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी तथा महिला बचत गटों की सदस्य उपस्थित थीं।











