आईजीआरएस की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिखायी सख्ती
36 अधिकारियों की खराब रैंकिंग में सुधार के दिये गये निर्देश
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों एवं विभागवार प्रगति की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा के दौरान 36 अधिकारियों/संबंधित विभागों की रैंकिंग खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण से पूर्व शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसकी समस्या को समझें तथा नियमानुसार संतोषजनक समाधान करना सुनिश्चित करें। केवल औपचारिक निस्तारण के बजाय शिकायतकर्ता की संतुष्टि एवं समस्या के वास्तविक समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने स्तर पर आईजीआरएस की प्रगति की नियमित समीक्षा करें तथा रैंकिंग में सुधार लाते हुए 75 प्रतिशत से अधिक प्रगति सुनिश्चित करें। आईजीआरएस शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी अधिकारी समयबद्धता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संवेदनहीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के संबंध में जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी आईजीआरएस को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अनुपस्थिति के संबंध में अपना स्पष्टीकरण एवं आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आईजीआरएस के कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अपनी कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार लाएं तथा शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी समाधान प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।













