जिला जज ने वृद्धाश्रम का किया निरीक्षण
शिवमंगल अग्रहरि
चित्रकूट। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जनपद न्यायाधीश विकास कुमार प्रथम ने मंगलवार को वृद्धा आश्रम और वन स्टाफ सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों केन्द्रों में सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त रखने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त कार्य योजना के अनुक्रम में मंगलवार को विनायकपुर स्थित वृद्धा आश्रम पहुंचे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जनपद न्यायाधीश विकास कुमार प्रथम ने वहां वृद्ध संवासियों से वार्ता की। देहाती ग्रामोत्थान विकास समिति द्वारा संचालित इस वृद्धा आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों से खानपान व रहन सहन के सम्बन्ध में जानकारी ली गयी। इस दौरान बुजुर्गों ने कमरे में लगे टेलीविजन के खराब होने की जानकारी दी। जिस पर जिला जज ने इसे ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जनपद न्यायाधीश ने गढीवा में बने वन स्टाफ सेंटर का भी निरीक्षण किया। साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद उन्होंने वहां मौजूद कर्मियों से जानकारी ली। जिस पर बताया गया कि वर्तमान समय में कोई भी बालिका (पीडिता) यहां नहीं है। इस वन स्टाफ सेंटर में पांच किशोरियों को आवासित करने की क्षमता है। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपर जिला जज नीलू मेनवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेन्द्र प्रसाद भारतीय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र भदौरिया, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














