चुनावी रंजिश में घटी वारदात, गांव में तनाव
विशाल रस्तोगी
पिसावां, सीतापुर। थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश के चलते पूर्व प्रधान और मौजूद प्रधान के समर्थक आपस में भिड़ गए। कई राउंड फायरिंग के साथ जमकर लाठियां चटकीं और ईंट पत्थर भी चले। वारदात के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। एहतियातन पुलिस ने गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। मारपीट में दो लोग बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव ससुरदीपुर में मौजूदा प्रधान पंकज शुक्ला व पूर्व प्रधान अनूप मिश्रा में चुनावी रंजिश है। शनिवार को गांव रामदेवी (55) पत्नी रमेशचंद्र ने तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि रविवार दोपहर चुनावी रंजिश के चलते गांव के दिन्नू, बलराम, अंशू करुणाशंकर, पुरुषोत्तम आदि ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप यह भी है कि दूसरे पक्ष ने भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद आरोपियों ने घर घुसकर मारपीट की। फिर 10 से 12 राउंड फायरिंग की। एक गोली रामदेवी के कंधे को छूती हुई निकल गई। इस दौरान विशुन दयाल भी जख्मी हो गया।सूचना पाकर सीओ महोली अमन कुमार सिंह, एसओ पिसावां भानुप्रताप सिंह के साथ काफी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
इधर, बलवा करने वाले मौके से फरार हो गए। गांव में दहशत का माहौल है।पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। डा. विवेक ने बताया कि फायर नहीं लगी है। मामूली चोटें आई हैं। वारदात के बाद गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एसओ पिसावां भानुप्रताप सिंह ने बताया तहरीर के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ केस दर्जकर लिया गया है। दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। ससुरदीपुर में काफी लंबे समय से मौजूदा प्रधान पंकज शुक्ला व पूर्व प्रधान अनूप मिश्रा के समर्थकों में रंजिश चली आ रही है। 23 फरवरी को विधानसभा मतदान के दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। दोनों प्रधानों के समर्थक अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थन में वोट डलवा रहे थे, जिसको लेकर मारपीट हुई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध एनसीआर दर्ज कर लिया था। बाद में पूर्व व मौजूद प्रधानों ने आपस में सुलह समझौता कर शांत हो गए थे। रविवार को पूर्व व मौजूदा प्रधान की गैर मौजूदगी में समर्थकों ने घटना को अंजाम दिया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।