समाधान दिवस पर आये नायब तहसीलदार से प्रभारी निरीक्षक ने किया दुर्व्यवहार | #TEJASTODAY
समाधान दिवस पर आये नायब तहसीलदार से प्रभारी निरीक्षक ने किया दुर्व्यवहार | #TEJASTODAY
नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक समेत अन्य राजस्वकर्मी हुये आक्रोशित
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस पर समाधान दिवस प्रभारी/नायब तहसीलदार एमपी सिंह के साथ प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बताते हैं कि जिलाधिकारी दिनेश सिंह के निर्देश पर समाधान दिवस का आयोजन हुआ जिसके प्रभारी मछलीशहर के नायब तहसीलदार एमपी सिंह थे।
थाने में राजस्वकर्मी बैठकर कार्य कर रहे थे कि इसी बीच क्षेत्र से थाने पर पहुँचे प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने सभी राजस्वकर्मियों के सामने नायब तहसीलदार के साथ दुर्व्यवहार किया। इससे आक्रोशित होकर राजस्व निरीक्षक राजेश यादव समेत अन्य उपस्थित समस्त राजस्वकर्मियों ने समाधान दिवस का बहिष्कार कर थाने के गेट पर प्रदर्शन किया। घटना के बाद नायब तहसीलदार उपजिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और जिलाधकारी को घटना से अवगत कराते हुए उच्चाधिकारियों से बात करने के लिए जिला मुख्यालय चले गये।
इस सम्बन्ध में राजस्व निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक जब से थाने पर आए हैं तभी से राजस्व विभाग को पुलिस विभाग का सहयोग मिलना लगभग बन्द सा हो गया है। वह हमेशा राजस्व विभाग के अधिकारियों सहित अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रतापूर्ण व्यवहार करते हैं। इसके पूर्व भी इनके द्वारा तत्कालीन नायब तहसीलदार के साथ अभद्रता किया गया था। तब तत्कालीन उपजिलाधिकारी अमिताभ यादव के हस्तक्षेप करने से मामला शान्त हुआ था। आज पुनः इनके द्वारा यह घटना की गयी है जिससे राजस्वकर्मी आक्रोशित हैं जो समाधान दिवस का बहिष्कार करते हैं। बहरहाल मामला अब जिले के आला अधिकारियों के संज्ञान में है। आगे जिले के उच्चाधिकारी क्या निर्णय लेते हैं, यह तो समय ही बताएगा।
ब्रेकिंग खबरों से अपडेट के लिए इस फोटो पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें