HomeTrendingयूपी पेट अभ्यर्थियों का गृह जनपद से दूर सेण्टर होने पर आक्रोश

यूपी पेट अभ्यर्थियों का गृह जनपद से दूर सेण्टर होने पर आक्रोश

  • यूपी पेट अभ्यर्थियों का गृह जनपद से दूर सेण्टर होने पर आक्रोश

  • मुख्यमंत्री को भेजा गया ज्ञापन

तेजस टूडे ब्यूरो
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) में अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र गृह जनपद से अत्यधिक दूर आवंटित किए जाने से नाराज छात्र संगठनों ने विरोध जताया है। छात्र अधिकार संघर्ष मंच (CASM) के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
संगठन का कहना है कि अनेक अभ्यर्थियों को अपने गृह जनपद से काफी दूर परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है। इससे परीक्षा देने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है तथा आने-जाने में अत्यधिक आर्थिक खर्च, समय की बर्बादी और अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तथा छात्राओं के लिए दूरस्थ परीक्षा केंद्र तक पहुंचना गंभीर समस्या बन गया है। यात्रा, भोजन एवं आवश्यकता पड़ने पर ठहरने की व्यवस्था अतिरिक्त बोझ बन जाती है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगे रखी गई कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र उनके गृह जनपद या आस—पास के जनपदों में आवंटित किया जाए, अत्यधिक दूर केंद्र आवंटन के मामलों की समीक्षा कर समाधान निकाला जाए और भविष्य में यथासंभव नजदीकी परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। ज्ञापन देने वालों में संगठन के अध्यक्ष अंजन यादव, महासचिव शिवम प्रताप कोरी, सदस्य कार्यकारिणी अविनाश प्रताप यादव, आदर्श यादव, सुजल पाल, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, कोमल, मुस्कान सहित तमाम छात्र नेता मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

Must Read