गला दबाकर की गई थी उमेश की हत्या
सुबोध कुमार
बेवर, मैनपुरी। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम शिवसिंहपुर में गुरुवार सुबह फांसी के फंदे पर लटके मिले अधेड़ की हत्या गला दबाकर की गई थी। इस बात का खुलासा अधेड़ की आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस मामले में हत्या के एंगल को देखते हुए जांच में जुट गई है। वहीं अब तक आत्महत्या समझ रहे परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के संज्ञान में आने के बाद सकते में हैं। आखिर बिना किसी लड़ाई झगड़े व दुश्मनी के किसने उमेश की हत्या की है? बताते चलें कि उमेश कुमार यादव पुत्र रामवृक्ष सिंह 50 वर्ष निवासी शिवसिंहपुर अपने मकान से खेतों की तरफ बनाए गए एक मकान पर पशुपालन करते हुए रात में वहीं अकेले लेटते थे। गुरुवार सुबह बरामदे में पंखा टांगने वाले कुंडे से रस्सी के सारे उनका शव लटकता मिला था। भाई ब्रजेश कुमार यादव की तहरीर पर पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमॉर्टम कराया था। जिसमें गला दबा कर हत्या कर शव लटकाने की बात सामने आई है। अब पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच में जुटी है। मृतक के तीन पुत्र व एक पुत्री है। पत्नी का लगभग 15 वर्ष पूर्व देहांत हो चुका है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











