शराब के नशे में ईंट मारकर की थी युवक की हत्या, चुर्खी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई (जालौन)। चुर्खी थाना क्षेत्र के ग्राम बाबई में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों ने शराब के नशे में ईंट से हमला कर युवक को मौत के घाट उतार दिया था। गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में की गई। थाना चुर्खी पुलिस को 13 जून को ग्राम बाबई निवासी बालक राम पुत्र भूरे लाल ने सूचना दी थी कि उसके बेटे अनुप दोहरे को 12 जून की रात गांव के ही कुछ युवकों ने शराब के नशे में मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे ईंट से मारा गया जिससे उसकी हालत नाजुक हो गई थी। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई थी। मामले में 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
शिकायत के आधार पर थाना चुर्खी में मुकदमा अपराध संख्या 59/2025 धारा 3(5)/105/352/351(3) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज किया गया था। 16 जून को थाना चुर्खी पुलिस टीम अपराध की रोकथाम व वांछित अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना पर ग्राम बाबई के बाहर जालौन रोड से हत्या में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रवि दोहरे पुत्र रामप्यारे (30 वर्ष) और पप्पी उर्फ कमल सिंह पुत्र राम प्यारे (21 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों ग्राम बाबई थाना चुर्खी जनपद जालौन के निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी रवि ने बताया कि 12 जून को वह व उसके साथी गांव में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान अनुप दोहरे ने गाली-गलौज शुरू कर दी जिससे विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर रवि व पप्पी ने पास में पड़ी ईंट से अनुप के सिर पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गये। चुर्खी थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।