लाखों की लागत से बना खेल मैदान बदहाल, झाड़ियों में गुम हुये खेल उपकरण
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
कुरारा, हमीरपुर। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत डामर में लाखों रुपये की लागत से बनाया गया खेल मैदान जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते बदहाली का शिकार है। मैदान में लगाए गए खेल उपकरण रख—रखाव के अभाव में खराब हो रहे हैं, वहीं साफ-सफाई न होने से पूरा परिसर घास और झाड़ियों से भर गया है। डामर गांव में हाईवे किनारे ग्राम पंचायत की ओर से युवाओं और बच्चों को खेलकूद की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाखों रुपये की लागत से खेल मैदान का निर्माण कराया गया था। यहां विभिन्न खेल उपकरण भी लगाए गए थे लेकिन देख—रेख की उचित व्यवस्था न होने से सरकारी धन से तैयार यह सुविधा बेकार साबित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मैदान में गंदगी और झाड़ियां होने के कारण बच्चे और युवा यहां खेलने नहीं जाते हैं। मैदान की हालत ऐसी हो गई है कि खेल उपकरण भी धीरे-धीरे खराब हो रहे हैं। शासन की मंशा गांवों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को बेहतर सुविधाएं देने की थी लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी से उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से खेल मैदान की साफ-सफाई कराने और खेल उपकरणों के रखरखाव की उचित व्यवस्था कराए जाने की मांग किया है।











