राज्य के हवाई विकास को नयी दिशा की बैठक सम्पन्न
ग्रामीण क्षेत्रों को भी मिलेगा हवाई सम्पर्क का लाभ
तेजस टूडे ब्यूरो
राजू पाल
भिवंडी, मुम्बई। देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में महाराष्ट्र विमानतल विकास कंपनी लिमिटेड की निदेशक मंडल की बैठक विधान भवन मुंबई में की गई। बैठक में चंद्रशेखर बावनकुले सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राज्य के विभिन्न विमानतलों के विकास, विस्तार और आधुनिकीकरण से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने तथा कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मजबूत हवाई संपर्क व्यवस्था राज्य की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है।
सरकार का मानना है कि सुदृढ़ हवाई नेटवर्क से उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही निवेश के नए अवसर सृजित होंगे और राज्य की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में वृद्धि होगी। बैठक में विशेष रूप से ग्रामीण तथा उभरते क्षेत्रों को हवाई सेवा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया गया जिससे संतुलित क्षेत्रीय विकास को गति मिल सके। महाराष्ट्र विमान तल विकास कंपनी द्वारा संचालित परियोजनाओं की प्रगति, वित्तीय प्रबंधन और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा भी की गई।
अधिकारियों ने विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की। सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में महाराष्ट्र देश के विमानन क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाये। यदि प्रस्तावित योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया गया तो राज्य की हवाई आधारभूत संरचना आर्थिक विकास को नई ऊंचाई प्रदान कर सकती है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














