आतंकियों से हुआ था मुठभेड़ जौनपुर। शीराजे हिन्द की धरती के सपूतों ने देश की रक्षा के लिए अपनी जान तक न्यौछावर कर दी है। बुधवार को एक बार फिर कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान जनपद का लाल भारत माता की रक्षा करते हुए शहीद हो गये।
जानकारी के अनुसार कश्मीर के पुलवामा में बुधवार की भोर में आतंकियों से सेना के जवानों की मुठभेड़ हो गयी। इस बीच जौनपुर के लाल जिलाजीत यादव ने डंटकर मुकाबला किया और साथियों के साथ एक आतंकी को भी मार गिराया। इस दौरान 26 वर्षीय जिलाजीत भी शहीद हो गये। इसकी जानकारी जब उनके गांव धौरहरा इजरी बहादुरपुर के पास स्थित सिरकोनी में पहुंची परिवार में कोहराम मच गया। वह परिवार के इकलौते चिराग थे।
जिलाजीत के पिता कांता प्रसाद यादव का दो वर्ष पहले निधन हो चुका है। घर पर मां उर्मिला और पत्नी पूनम अपने सात माह के बेटे के साथ चाचा राम इकबाल यादव, जवाहर यादव के साथ रहती हैं। जिलाजीत की दो बहनें हैं। जिलाजीत ने सरस्वती निकेतन इंटर कॉलेज बैरीपुर सिरकोनी से इंटरमीडिएट करने के बाद सेना में भर्ती हो गए थे।