कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट के ‘कायस्थ सत्कार भवन’ का हुआ उद्घाटन
तेजस टूडे ब्यूरो
राजीव जायसवाल
प्रयागराज। कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट द्वारा प्रयागराज में ट्रस्ट के अध्यक्ष चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह की उपस्थिति में ‘कायस्थ सत्कार भवन’ धर्मशाला का उद्घाटन हुआ। चौधरी कौशलेंद्र नाथ सिंह (सौरभ) ने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना किया। कायस्थ सत्कार भवन का निर्माण समाज के लोगों को प्राथमिकता के आधार पर ठहरने के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। साथ ही प्रयागराज में पधारने वाले विद्यार्थियों, तीर्थयात्रियों तथा विभिन्न कार्यों से शहर आने वाले सभी जाति एवं धर्म के लोगों को रियायती दरों पर ठहरने की उत्तम सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर चौधरी जी ने कहा कि यह भवन सामाजिक सहयोग, सेवा और जनकल्याण की भावना को साकार करने की दिशा में कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रयागराज जैसे शैक्षिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले शहर में किफायती दरों पर व्यवस्थित आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा। कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट की यह पहल सामाजिक समरसता, जनसेवा तथा शैक्षिक विकास को प्रोत्साहित करने वाली एक अभूतपूर्व उपलब्धि है। यह भवन समाज के प्रति ट्रस्ट की प्रतिबद्धता और सेवा-भावना का प्रतीक बनेगा। इस अवसर पर ट्रस्ट महासचिव एसडी कौटिल्य, केपी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ योगेंद्र सिंह, डा अंजनी सक्सेना, रमेश श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।













