कोतवाली पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने लूट की घटना का किया अनावरण
अवैध शस्त्र व घटना में प्रयुक्त कार के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार
शिवमंगल अग्रहरि
चित्रकूट। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाही के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी एवं क्षेत्राधिकारी नगर राज कमल के पर्यवेक्षण में कोतवाली कर्वी पुलिस एवं एसओजी चित्रकूट की संयुक्त टीम द्वारा कोतवाली कर्वी अन्तर्गत हुयी ट्रक (ट्रेलर) लूट की घटना का अनावरण करते हुये 4 लूटेरों को लूट का 22 चक्का ट्रक (ट्रेलर) सीमेण्ट लदा, घटना में प्रयुक्त कार, मोबाइल, तमंचा के साथ गिरफ्तार किया गया। वादी हरिओम गुप्ता पुत्र स्व मंगल शरण गुप्ता निवासी संग्राम कॉलोनी जनपद सतना ने कोतवाली कर्वी में बीती 17 जून को सूचना दी थी कि 15 जून को उनका सीमेण्ट से लदा ट्रेलर दिन में ड्राइवर, खलाशी द्वारा नो एंट्री में सोनेपुर के पास रोड पर खडा किया गया था, जिसको अज्ञात चोरों द्वारा रात्रि में सीमेन्ट से भरे ट्रेलर को चोरी कर लिए थे।
जिस पर थाना कोतवाली कर्वी में अज्ञात लोगों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। इस दौरान विवेचना में वादी मुकदमा व खलाशी इन्द्रबहादुर के बयान से यह तथ्य प्रकाश में आया कि राधे उर्फ फुल्लू, जाकिर, प्रसादे व अली काले रंग की चार पहिया से आकर खलाशी से मारपीट कर ट्रेलर की चाभी व उसका मोबाइल छिनकर ट्रेलर को कर्वी होते हुए जनपद से बाहर राजापुर रोड की तरफ भाग गए थे। पुलिस अधीक्षक ने घटना को संज्ञान में लेकर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्वी उपेन्द्र प्रताप सिंह एवं एसओजी टीम प्रभारी निरीक्षक एमपी त्रिपाठी को घटना के अनावरण के लिए लगाया। घटना के अनावरण के लिए कोतवाली कर्वी एवं एसओजी टीम लगातार प्रयासरत थे। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्वी एवं एसओजी टीम द्वारा राजापुर से पहाडी की ओर आ रही चार पहिया गाड़ी से राधे उर्फ फुल्लू निवासी मुहम्मदपुर असवा, जाकिर निवासी लाइन बाबा दरगाह नई बाजार भरवारी थाना कोखराज जनपद कौशाम्बी को गिरफ्तार किया गया। जामा तलाशी से आरोपी राधे के कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। जिसके सम्बन्ध में आर्म्स एक्ट का अभियोग पंजीकृत किया गया। आरोपियों ने पूछताछ पर बताया कि बीती 15 जून की रात्रि में अपने दोस्तों के चक्कर में व पैसों के लालच में आकर नो एंट्री सोनेपुर रोड़ किनारे खडे सीमेण्ट से लदे ट्रेलर (ट्रक) को खलाशी से मारपीट कर उससे ट्रेलर की चाबी व मोबाइल छीनकर उसी ट्रेलर में लदी सीमेण्ट को बेचने के चक्कर में राधे उर्फ फुल्लू निवासी मुहम्मदपुर असवा थाना कोखराज, जाकिर निवासी लाइन बाबा दरगाह नई बाजार भरवारी, प्रसादे निवासी मुहम्मदपुर असवा, अली निवासी पुलिस चौकी के पीछे भरवारी गांधीनगर थाना कोखराज जनपद कौशाम्बी भाग गए थे। लूटे हुए ट्रेलर के बारे में आरोपियों ने बताया कि हम दोनों ने अपने साथियों अली, नीलू, प्रसादे, अंकेश व राधेश्याम के साथ मिलकर ट्रेलर को छिपाने की योजना बनाई। योजना के मुताबिक लूटे गए ट्रेलर को मूरतगंज कस्बा के आगे मेला बाग के मैदान में पीछे की ओर छिपा दिया और निरगानी के लिए तीनों साथियों राधेश्याम, अंकेश, नीलू को लगा दिया। आरोपियों द्वारा बताए गये स्थान पर जाकर देखा तो ट्रेलर तिरपाल से ढका हुआ दिखाई दिया, जिसमें तीन आरोपी बैठे दिखाई दिए। अचानक पुलिस वालों को देखकर कूदकर भागने की कोशिश की। जिसमें से 2 आरोपी राधेश्याम, अंकेश को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान नीलू निवासी मुहम्मदपुर असवा थाना कोखराज अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा। गिरफ्तारी के दौरान कोतवाली कर्वी अपराध निरीक्षक लाखन सिंह, उप निरीक्षक अंशुल कुमार, आरक्षी राहुल देव, नीतू द्विवेदी व एसओजी टीम के आरक्षी ज्ञानेश मिश्रा, पवन राजपूत, रोहित सिंह, रोशन सिंह, गोलू भार्गव, राघवेन्द्र आदि मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














