विद्यालयों में ही निखरती हैं ग्रामीणांचल की छिपी प्रतिभाएं: डा. उमेश
इन्दिरा स्मारक सर्वोदय इण्टर कालेज का 41वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न
तेजस टूडे सं.
डाॅ. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड के कटघर रामनगर स्थित इंदिरा स्मारक सर्वोदय इंटर कॉलेज का 41वां वार्षिकोत्सव पूरे उत्साह और उल्लास के बीच मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत और नृत्य सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन करके किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्यालय बच्चों की प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का सशक्त माध्यम हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना भी है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन देने की आवश्यकता है। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भागीदारी को सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति के अध्यक्ष राम नारायण दुबे ने किया। शिक्षक रामपाल ने संचालन किया तथा अजय मिश्रा ने आभार जताया। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अखंड प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य रमाकांत शुक्ल, शिव प्रसाद यादव, अवधेश दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्शिया, छोटे लाल, श्रीकृष्ण दुबे, गणेश तिवारी, हरगोविंद दुबे सहित शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।











