कपड़ा-सर्राफा की दुकान में चोरी का प्रयास
ताला तोड़कर घुसे चोर, सीसीटीवी कैमरा तोड़ा
तेजस टूडे सं.
राजेश पाल
धर्मापुर, गौराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के धर्मापुर बाजार में चोरों ने एक कपड़ा और सोने-चांदी की कंबाइंड दुकान को निशाना बनाया। बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के धर्मापुर गांव निवासी संदीप यादव की दुकान धर्मापुर बाजार में है। रात में दुकान बंद होने के बाद चोरों ने शटर का ताला तोड़ा। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया ताकि वारदात कैद न हो सके। अन्दर घुसकर चोरों ने दुकान में रखे सामानों को इधर-उधर फेंक दिया। सुबह घटना की जानकारी हुई। सूचना पर थाने की पुलिस पहुचकर काफी देर तक जांच पड़ताल किया। इस संबंध में थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला ने बताया कि दुकान में चोरी का प्रयास किया गया था। प्रारंभिक जांच में कोई कीमती सामान नहीं गया है। चोर कुछ ले जा नहीं पाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।













