रास्ते में हादसे ने घेरा, तीन घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
मासूम की मौत का गम लेकर घर लौट रहे थे चाचा-भाभी
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। जहां घर में 4 दिन पहले जन्मे मासूम की मौत का गम था, वहीं अस्पताल से उस नन्हीं जान को लेकर घर लौट रहे चाचा और भाभी को रास्ते में एक और दर्दनाक हादसे का सामना करना पड़ा। खेतासराय-दीदारगंज मार्ग पर जमदहा वर्धमारी पुलिया के पास अज्ञात 4 पहिया वाहन की टक्कर से दो बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गये। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार अब्बोपुर निवासी सिकंदर बिंद (18) पुत्र सुरेंद्र अपनी भाभी सुष्मिता बिंद (20) पत्नी सचिन बिंद के साथ शाहगंज के एक निजी अस्पताल से घर लौट रहे थे। सुष्मिता ने चार दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था। नवजात की तबीयत खराब होने पर उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार पहले ही गहरे सदमे में था। चाचा-भाभी बच्चे को लेकर घर जा रहे थे तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
बताया जाता है कि दोनों जमदहा वर्धमारी पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात 4 पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा भिड़ा। दूसरी बाइक पर चकमरूफपुर निवासी जोगिंदर बिंद (50) पुत्र आंगनू सवार थे। टक्कर के चलते तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गये।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया। वहीं दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।













