यूडीआईडी के लिये लम्बित आवेदन पत्रों का करें तत्काल निस्तारण: डीएम
चित्रकूट। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय दिव्यांग समिति, जिला दिव्यांग बंधु, लोकल लेवल समिति एवं यूडीआईडी की समीक्षा बैठक कलेक्टरेट सभागार में हुई।
जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका यादव ने बताया कि जनपद के दिव्यांगजनों की समस्याओं व शिकायतों के त्वरित समयबद्ध निस्तारण समिति के सदस्यों, विभागों द्वारा किए जाने के लिए दिव्यांगता समिति का गठन किया गया है। जिसमें दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलाए जाने के लिए दिव्यांग भरण पोषण अनुदान, दिव्यांग पेंशन, कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण योजना, दुकान निर्माण संचालन योजना, शादी विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, चिकित्सा, यूडीआईडी, दिव्यांगजन के क्षेत्र में कार्यरत शैक्षिक संस्था के राज्य निधि मद वित्तीय सहायता, राज्य, राष्ट्रीय स्तरीय पुरस्कार योजना आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने में आने वाली समस्याएं विशेष रूप से मानसिक मंदित, श्रवण बाधित, मूक दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाने की जनपद स्तर पर सुविधा अगर नहीं है तो व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में दिव्यांगजनों के लिए हेल्प डेस्क प्रारंभ किया जाए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में जो 649 दिव्यांगजनों की फैमिली आईडी बनाने के लिए राशन कार्ड नहीं है तो अपात्रों को हटाते हुए राशन कार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारियों से कहा कि दिव्यांगजनों के लिए बाधा रहित आवागमन के लिए सुगम्य भारत अभियान योजना के तहत सभी कार्यदाई संस्थाएं निर्माण कार्यों में रैंप का निर्माण अवश्य कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन एवं सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों को प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री आवास दिलाए जाने के लिए व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। मोटराइज्ड ट्राई साइकिल वितरण के लिए सांसद एवं विधायक से भी निधि का सहयोग लिया जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय में अध्यनरत दिव्यांग बच्चों को चिन्हित कर दिव्यांग उपकरण उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर, डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह, डीसी एनआरएलएम ओम प्रकाश मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजकमल, जिला पंचायत राज अधिकारी इंद्र नारायण सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीके शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा, दृष्टि संस्था के महासचिव शंकर लाल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












