स्वास्थ्य मेले में जाँची गई 104 लोगों की सेहत
53 दम्पत्ति ने ली परिवार नियोजन की सेवा
30 से अधिक लोगों का बना आयुष्मान कार्ड
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। जरवल के प्राथमिक विद्यालय पुरैनी में गुरुवार को स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 448 लोगों का पंजीकरण हुआ, जिनमें 365 महिलाएं/पुरुष और 83 किशोर-किशोरियाँ शामिल रहे। मेले में 53 लाभार्थियों को अस्थायी परिवार नियोजन सेवाएं दी गईं और 30 से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में, पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया और मोबियस फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग से ‘उम्मीद परियोजना’ के तत्वावधान में आयोजित इस स्वास्थ्य मेले में 77 महिलाओं/किशोरियों को सेनेटरी पैड वितरित किए गए और 104 लोगों की बीपी, पल्स, शुगर आदि की जांच कर निःशुल्क दवाएं दी गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सरजू खान ने कहा ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे स्वास्थ्य मेलों का आयोजन बेहद सराहनीय पहल है। यह न केवल समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का माध्यम है, बल्कि महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म, पोषण, टीकाकरण, परिवार नियोजन और बाल विवाह जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद करने का मंच भी देता है। उन्होंने कहा कि आज हमारे पास परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी आधुनिक साधन मौजूद हैं। स्थायी साधनों में पुरुष नसबंदी और महिला नसबंदी शामिल हैं, जो उन दंपतियों के लिए उपयुक्त हैं जो अब संतान नहीं चाहते। अस्थायी साधनों में महिलाओं के लिए माला-एन दैनिक गोली और छाया साप्ताहिक गोली उपलब्ध हैं। पुरुषों के लिए कंडोम न सिर्फ गर्भ से बचाता है, बल्कि यौन संक्रामक रोगों से भी सुरक्षा देता है। महिलाओं के लिए कॉपर-टी एक दीर्घकालिक विकल्प है, जो कई वर्षों तक असरदार रहता है, जबकि अंतरा इंजेक्शन हर तीन महीने में लगाया जाने वाला सुरक्षित उपाय है। इच्छुक दंपति अपने गाँव की आशा कार्यकर्ता या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से इन सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। मोबियस फाउंडेशन के राज्य प्रतिनिधि प्रभात कुमार ने बाल विवाह की समस्या की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि किशोर उम्र में विवाह और जल्दी गर्भधारण, मां और बच्चे दोनों के लिए घातक हो सकते हैं। सही जानकारी और समय पर हस्तक्षेप से हम कई जिंदगियों को सुरक्षित रख सकते हैं। कार्यक्रम में भारत स्काउट गाइड के जिला प्रतिनिधि ईदरीशी कल्लन, आरबीएसके टीम से डॉ. समा अफ़रोज़, अर्श काउन्सलर रविन्द्र, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सहायक, पुरैनी विद्यालय के शिक्षा मित्र , सीएचओ, आशा, आगनवाड़ी, एएनएम, पीएफआई से अजय शुक्ला, बिंदू यादव, राम बरन यादव, कम्युनिटी चैम्पियन, समूह सखी आदि उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






