सम्पूर्ण समाधान दिवस पट्टी में डीएम सुनीं शिकायतें, 7 मामलों का मौके पर किया निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस पट्टी में डीएम सुनीं शिकायतें, 7 मामलों का मौके पर किया निस्तारण

राजस्व प्रकरण में लापरवाही पाये जाने पर लेखपाल व कानूनगो को लगायी कड़ी फटकार
तेजस टूडे ब्यूरो
संदीप सिंह
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में तहसील पट्टी में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। पट्टी तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 228 फरियादी अपनी समस्याओं के निस्तारण हेतु उपस्थित हुये जिनमें से राजस्व विभाग की 7 शिकायतें इस प्रकृति की पायी गयी जिनका मौके पर निस्तारण कर दिया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल प्राप्त 228 शिकायतों में से 88 शिकायतें राजस्व विभाग से, पुलिस विभाग से 46, विकास विभाग से 26, समाज कल्याण से 10, शिक्षा से 2 सहित 56 अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायतें प्राप्त हुईं। विकास विभाग से सम्बन्धित शिकायतों को मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा व पुलिस विभाग से सम्बन्धित शिकायतों को अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी दुर्गेश सिंह ने सुना। सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायकर्ता कुंवर बहादुर सिंह निवासी ग्राम परसनी, थाना कन्धई ने बताया कि प्रार्थी के पिता के नाम गाटा संख्या-328, 329, 28 मि0, 29 मि0 तनहा भूमिधरी दर्ज है और कुछ हिस्से में गन्ने की फसल खड़ी है। प्रार्थी जुताई बुवाई करने जाता है तो प्रार्थी के गांव के राम बिहारी सिंह रोक देते हैं और मारपीट को तैयार हो जाते हैं और उद्धरण खतौनी में ये नम्बर मेरे पिता जी के नाम दर्ज है। प्रार्थी द्वारा कई बार शिकायती प्रार्थना पत्र दिया लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गयी। राजस्व विभाग के अधिकारी/कर्मचारी द्वारा कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही है। लेखपाल अरूण सिंह एवं कानून गो चन्द्रभान सिंह द्वारा घोर लापरवाही बरती जा रही है।
इस प्रकरण पर जिलाधिकारी ने लेखपाल अरूण सिंह एवं कानूनगो चन्द्रभान सिंह को कड़ी फटकार लगायी। उपजिलाधिकारी पट्टी को निर्देशित किया कि टीम बनायें एवं स्वयं टीम का नेतृत्व करते हुये जांच कर उचित कार्यवाही करें। जिलाधिकारी ने लेखपाल/कानून गो को निर्देशित किया कि गांव में यदि ग्राम प्रधान सहित अन्य कोई व्यक्ति सरकारी जमीन को बेचता है तो उसकी रिपोर्ट लिखायी जाय। चुप्पी न साधे। जो भी तथ्य है, उसकी स्पष्ट रिपोर्ट तहसील में दें। यदि लगे कि क्रिमिनल एक्टिविटी है तो मुकदमा दर्ज करायें। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शासन के कड़े निर्देश है कि चारागाह की जमीनों पर यदि अवैध कब्जा है तो उसे खाली करायें। सभी लेखपाल चारागाह के जो नम्बर है, उसे नोट करके तहसील में रिपोर्ट दे और तहसीलदार चारागाह के नम्बर की जांच करें की जमीन खाली है अथवा नहीं। यदि चारागाह की जमीन पर कब्जा है तो उसे खाली करायें। भूमि विवाद के प्रकरणों को राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी गम्भीरता से लें और प्राथमिकता के आधार पर उसका निस्तारण करायें।
उन्होंने निर्देशित किया कि भूमि विवाद प्रकरणों में यदि लेखपाल द्वारा गलत रिपोर्ट लगायी जाती है तो सम्बन्धित लेखपाल को विरूद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की प्राप्त शिकायतों के सम्बन्ध में निर्देशित किया कि लेखपाल एवं कानून-गो मौके पर जाकर बिना किसी पक्षपात के जमीन सम्बन्धी प्रकरण की जांच करें तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण करायें जिससे राजस्व शिकायतों का निस्तारण हो सके और शिकायतकर्ता सन्तुष्ट हो सके। शिकायतकर्ता को शिकायत के निस्तारण की जानकारी होना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों, लेखपालों एवं कानून-गो को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि शासन की मंशानुरूप शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने जनशिकायतों को गम्भीरता पूर्वक सुनकर उसका निस्तारण सम्बन्धित अधिकारियों को ससमय गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों में भूमि विवाद के जो प्रकरण आ रहे है टीम बनाकर उसका निस्तारण करायें। थाने में कोई भी फरियादी अपनी समस्या लेकर आये तो उसके साथ सरलतापूर्वक व्यवहार किया जाय, उसकी शिकायत को गम्भीरतापूर्वक सुने और जल्द से शिकायकर्ता की शिकायत का निस्तारण करायें। उन्होंने उपस्थित अधिकारियांं से कहा कि वह अपने अधीनस्थों पर निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं निस्तारण की गुणवत्ता को देखें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि कार्यों में ढिलाई कदापि न बरती जाय। कोई भी गरीब व्यक्ति किसी कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहने पाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही को बहुत ही गम्भीरता के साथ लिया जायेगा, इसलिये सभी अधिकारीगण शासन की मंशानुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित गति से किया जाय। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी पट्टी तनवीर अहमद, तहसीलदार सहित जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।

 

 JAUNPUR NEWS: Hindu Jagran Manch serious about love jihad

Job: Correspondents are needed at these places of Jaunpur

600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA