डीएम-सीडीओ ने खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान का किया शुभारम्भ
डीएम व सीडीओ ने अभियान का हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
तेजस टूडे ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। पशुपालन विभाग के द्वारा पशुओं में खुरपका एवं मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारियों से पशुओं को सुरक्षित रखने हेतु विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी नेहा शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने हरी झंडी दिखाकर टीकाकरण हेतु टीम व वाहनों को रवाना किया। यह अभियान जनपद में पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खुरपका-मुंहपका रोग अत्यंत संक्रामक होता है जो दुधारू पशुओं की उत्पादकता पर विपरीत प्रभाव डालता है। टीकाकरण के माध्यम से इन रोगों की रोकथाम की जाती है जिससे पशुपालकों की आय में वृद्धि संभव होती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुओं को रोगमुक्त करना एवं पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाय जिससे कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित न रह सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि यह अभियान पशुओं के स्वास्थ्य की दिशा में एक सराहनीय पहल है। पशुपालकों से अपील किया कि वे अपने पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं एवं विभाग की टीमों को पूरा सहयोग प्रदान करें। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह अभियान जिले के सभी विकास खंडों में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा जिसके अंतर्गत समस्त पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं पशु मोबाइल बेटनरी यूनिट के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु विभाग ने विशेष रणनीति तैयार की है जिससे निर्धारित समयसीमा में समस्त पशुओं को टीका लगाया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. शशि शर्मा सहित जनपद के सभी पशु चिकित्सा अधिकारी, संबंधित विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














