जौनपुर।गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के तियरी गांव में 4 दिन से लापता अधेड़ का शव घर से 500 मीटर दूर कुएं में पाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई।
छट्ठू 50 पुत्र सोचन 4 दिन पूर्व घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। मृतक के स्वजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। मंगलवार की सुबह खेत तरफ गए ग्रामीणों को खेत में स्थित एक कुएं से दुर्गंध आती महसूस हुई। झांक कर देखने में कुएं में एक शव उतराया नजर आया। ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी गई और ग्राम प्रधान की सूचना पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष रामप्रवेश कुशवाहा ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शव को किसी तरह से बाहर निकलवाया। जिसकी शिनाख्त छट्ठू के रूप में हुई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल मृतक के स्वजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच पड़ताल कर रही है। ज्ञातव्य हो कि छट्ठू की पत्नी की कुछ वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी है। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मृतक के कोई बेटा नहीं था।