राजकीय बालिका इण्टर कालेज भिनगा में संविधान संवाद कार्यक्रम आयोजित
तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद/नसीम अहमद
श्रावस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत रमेश चंद्र प्रथम जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला प्राधिकरण के निर्देशन तथा सचिव अनुप्रिया की अध्यक्षता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में अपराह्न 2 बजे से विशेष विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का संचालन अशोक शर्मा पैनल लॉयर जिला प्राधिकरण ने किया।
सचिव अनुप्रिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा बालिकाओं के अधिकारों के संबंध में जानकारी दिया। उन्होंने छात्राओं को संविधान के प्रति जागरूक रहने एवं अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। पैनल लॉयर अशोक शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए संविधान के महत्व, समानता के अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्राचार्या एकता यादव, शिक्षिका सीमा, अन्य शिक्षकगण एवं दयाराम, वरिष्ठ लिपिक सहित विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।











