घर में घुसकर जेवरात व मोबाइल उड़ा ले गए चोर
रंजीत सिंह
जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहाव में छत के सहारे चोर घर में घुस गए तथा घर में रखे सोने चांदी के आभूषण व मोबाइल चुरा ले गए हैं। घर में हुई चोरी की शिकायत पीड़ित ने पुलिस से की है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहाव निवासी सहादत पुत्र लाल शाह ने बताया कि उनका पूरा परिवार घर में सोता रहा। अज्ञात चोर छत के सहारे घर में घुस आए। चोरों ने घर घुस कर कमरे व बक्से के ताले तोड़ दिए। ताले तोड़ कर बक्से में रखे सोने के आभूषण बेंदा, नथुनी, मंगलसूत्र, अंगूठी, हथफूल तथा चांदी की बाल चोटी, पायल, चार सेट तोडिय़ा व मोबाइल चुरा ले गए हैं।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि जब उनकी नींद खुली तो दरवाजे व बक्से के ताले टूटे देखकर चोरी की जानकारी हुई। चोरी होने की उन्होंने तुरंत सूचना डायल 112 पर दी। सूचना देने पर पुलिस मौके पर आयी तथा जांच करने के बाद चली गई। पीड़ित ने कोतवाली आकर घटना की लिखित शिकायत पुलिस से की है तथा चोरी से हुए दो लाख रुपए के नुकसान की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।