पत्नी से अफेयर छिपाने को शख्स ने उठाया ऐसा कदम, जानिए पूरा मामला…
नई दिल्ली। कहते हैं कि झूठ बोलना आपके लिए मुश्किल खड़ी कर देता है। मुंबई के एक शख्स के साथ भी ऐसा ही हुआ। अपनी पत्नी से अफेयर छिपाने के लिए उसने ऐसा कदम उठाया कि जेल की हवा खानी पड़ गई। मामला कुछ यूं है कि वह अपनी पत्नी को बिना बताए गर्लफ्रेंड के साथ मालदीव की यात्रा पर निकल गया लेकिन, जब लगा कि पत्नी को शक हो जाएगा तो पासपोर्ट के मालदीव यात्रा से जुड़े पन्ने फाड़ दिए। ज्यादा अकलमंदी दिखाना उसे इतना भारी पड़ा कि जेल की हवा खानी पड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत 32 वर्षीय इंजीनियर है। अपनी पत्नी को उसने बताया था कि वह ऑफिस के काम से विदेश यात्रा पर जा रहा है लेकिन, वह गर्लफ्रेंड के साथ छुट्टियां बिताने मालदीव निकल गया।
मालदीव की यात्रा में वह गर्लफ्रेंड के साथ इंज्वॉय कर रहा था। इस बीच पत्नी का उसे व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आया। उसने फोन नहीं उठाया। पत्नी कई बार कॉल करती रही लेकिन, उसने कोई जवाब नहीं दिया। अब पत्नी को मामले में शक हो गया। पकड़े जाने के डर से उसने पासपोर्ट के कुछ पन्ने फाड़ दिए ताकि पत्नी को पता न लगे कि वह मालदीव गया है।
जानकारी के अनुसार, इंजीनियर गुरुवार रात मुंबई पहुंचा, जहां आव्रजन अधिकारियों ने देखा कि उसके पासपोर्ट के पेज 3-6 और 31-34 गायब थे तो उन्हें शक हुआ। इस बारे में पूछने पर वह टाल-मटोल करता रहा। शक होने पर आव्रजन अधिकारियों की शिकायत पर उसे पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।