जौनपुर में दोहरे हत्याकाण्ड से सनसनी: पिता-पुत्री को मारी गोली, पढ़िए पूरी खबर…
जौनपुर। जिले के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। भूमि विवाद को लेकर एक युवक ने अपनी चाची और उनके पिता को गोली मार दी। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। दिल को दहला देने वाली ये घटना मल्लूपुर गांव की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के मल्ल्हूपुर में नीतीश यादव (28) पुत्र राजबहादुर यादव अपने घर पर मौजूद था। सोमवार को उसकी चाची प्रमिला यादव (32) पत्नी स्वर्गीय श्याम बहादुर यादव अपने पिता कृपा शंकर यादव (55) वर्ष के साथ अपने मायके सरौली तेजी बाजार थाना महाराजगंज से अपने घर ग्राम मल्लूपुर आई।
थोड़ी ही देर बाद भूमि विवाद को लेकर प्रमिला का अपने भतीजे नितीश के साथ बहस होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान तैश में आकर नीतीश ने पिस्टल से प्रमिला यादव और कृपा शंकर यादव को गोली मार दी। गांव में गोली चलने की आवाज से दहशत फैल गई। लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए।
प्रमिला और उसके पिता लहूलुहान हालत में तड़प रहे थे। आननफानन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी होने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
वहीं वारदात की सूचना पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी को असलहा के साथ ही गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना से पूरा गांव सन्न है। किसी को जरा सा भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि पारिवारिक विवाद में यूं रिश्तों का कत्ल हो जाएगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।