लोडर ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की हुई मौत, दो जख्मी
हादसे के समय बाइक से दोस्त की बारात जा रहे थे रामापुर
तेजस टूडे ब्यूरो
अश्वनी सैनी
उन्नाव। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के कस्बा स्थित इंटर कॉलेज के पास गुरुवार रात करीब नौ बजे लोडर के बाइक में टक्कर मारने से युवक की मौत व दो साथी जख्मी हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब एक ही बाइक से तीन युवक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। घटना को अंजाम देने के बाद लोडर चालक मौके से भाग निकला। पीछे से आ रहे अन्य बारातियों ने हादसा देख पुलिस व परिजनों को सूचना दी और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार मौरावां थाना क्षेत्र के उम्मेद खेड़ा गांव निवासी राम भजन का 25 वर्षीय बेटा सरवन 25 पुत्र रामभजन के दोस्त पुरवा कोतवाली रामापुर गांव निवासी लल्लू पुत्र राय बहादुर की गुरुवार को शादी थी। सूरत में सरवन लहंगा बनाने का काम करता था। दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए सोमवार को सरवन गांव आया था। गुरुवार को अपनी बाइक लेकर गांव निवासी अंकित 18 पुत्र भीम शंकर व पड़ोसी गांव निवासी एक युवक के साथ रामापुर गांव दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहा था तभी रामकली बुद्धीलाल शाहू इंटर कॉलेज व बाइक एजेंसी के पास रात लोडर के टक्कर मारने से बाइक सवार तीनों जख्मी हो गए थे। तभी पीछे से आ रहे अन्य बारातियों ने हादसा देख पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद घायलों की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल की इमर्जेंसी डॉक्टर ने सरवन को मृत घोषित कर दिया जबकि जख्मी अंकित का इलाज चल रहा है और मामूली चोटिल पड़ोसी इलाज के बाद घर चला गया। मृतक सरवन दो भाईयों में बड़ा था। मौत की खबर मिलने पर मां प्रेम कुमारी व छोटा भाई सरजू तथा बहन सरोजनी व शांति रो-रोकर बेहाल होती रही।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।