लायंस व लायनेस क्लब क्षितिज के पदाधिकारियों ने घर-घर जाकर किया पौधरोपण | #TEJASTODAY
जौनपुर। लायंस क्लब इंडिया के ग्रीन इंडिया प्रोग्राम के अंतर्गत लायंस क्लब क्षितिज व महिला विंग लायनेस क्लब क्षितिज द्वारा अध्यक्ष दिलीप सिंह व लायनेस अध्यक्ष अर्चना सिंह के नेतृत्व में पर्यावरण जागरूकता अभियान के तहत घर-घर जाकर पौधरोपण किया गया। इसी क्रम में पदाधिकारियों ने रवि मिंगलानी व चंद्रशेखर जायसवाल के घर विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया। साथ ही आसपास के घरों में भी विभिन्न प्रकार के 60 पौधे वितरित किये गये। श्री सिंह ने कहा कि लोगों में पौधे लगाने के प्रति जागरूकता उत्पन्न हो।
लोग लायंस क्लब के ग्रीन इंडिया मिशन का हिस्सा बनकर अधिक से अधिक पौधे लगाए व पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें। सरिता मिंगलानी व पूनम जायसवाल ने घरों में जाकर लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर शशांक सिंह रानू, संजीव जायसवाल, जय किशन साहू, कोषाध्यक्ष सर्वेश जायसवाल आदि उपस्थित रहे। आभार सचिव विष्णु सहाय ने व्यक्त किया।