पम्प में करेंट उतरने से पिता-पुत्री की हुई मौत, पत्नी की हालत गम्भीर
तेजस टूडे ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोण्डा। जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत खैरा गांव के मजरा खैरी में गुरूवार की रात को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। टुल्लू पंप में अचानक करंट उतरने से पिता और उनकी पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। घायल महिला को तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। इस हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार गुरूवार की रात के समय पानी निकालने के लिए टुल्लू पंप से पानी निकालने के दौरान पंप में बिजली का करंट दौड़ गया जिसकी चपेट में पिता और उनकी बेटी आ गए। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे को देखकर बचाने दौड़ी पिता की पत्नी भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और आपदा विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह परिवार मेहनतकश था और खेती-किसानी से अपना गुजारा करता था। एक ही परिवार में दो लोगों की मौत और एक के गंभीर रूप से घायल होने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।