किसान की गर्दन में गोली मारकर हत्या, पढ़िए पूरी खबर
सहारनपुर(पीएमए)। जनपद के चिलकाना क्षेत्र में घर से खेत के लिए निकले एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसकी साइकिल घटना स्थल पर ही पड़ी मिली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीओ सदर और एसपी सिटी ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव गुमटी निवासी नाथीराम (62 वर्ष) पुत्र मुकंदा सोमवार की सुबह करीब पांच बजे साइकिल से कलसिया रोड स्थित अपने खेत पर जाने के लिए निकला था। सुबह सात बजे उसका शव सड़क किनारे खाई में पड़ा मिला। गोली उसकी गर्दन में मारी गई थी, पास ही उसकी साइकिल पड़ी थी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव का पंचनामा भर कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि नाथीराम गांव में अकेला रहता था और खेतीबाड़ी करता था। उसकी पत्नी की काफी पहले मौत हो गई थी और उसके कोई बच्चा भी नहीं है। उसके पास करीब 50 बीघा जमीन है। उसने अपनी जमीन गांव के ही एक व्यक्ति को बटाई पर दे रखी थी। पहले उसका भांजा खेती का काम देखता था, लेकिन पांच साल पहले वह भी अपने घर नया गांव नकुड़ चला गया।
उधर, ग्रामीणों के अनुसार नाथीराम काफी मिलनसार आदमी था। गांव में किसी के साथ उसका मतभेद भी नहीं था। गांव में चर्चा है कि हो सकता है कि जमीन जायदाद के लिए उसकी हत्या की गई हो। हत्या की सूचना मिलने पर सीओ सदर अजेंद्र यादव और एसपी सिटी राजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और हत्या की जानकारी ली। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं आई है। फिर भी पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
हमारे न्यूज पोर्टल पर सस्ते दर पर कराएं विज्ञापन।
सम्पर्क करें: मो. 7007529997, 9918557796
600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA, जानिए इसके फायदे, खुराक और किमत