डम्पर ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की हुई मौत
चचेरे भाई को रेलवे स्टेशन से छोड़कर घर लौट रहा था
तेजस टूडे ब्यूरो
अश्वनी सैनी
उन्नाव। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के वीरू गढ़ी गांव निवासी युवक बाइक से शनिवार रात चचेरे भाई को छोड़ने रेलवे स्टेशन उन्नाव गया था। भाई को ट्रेन में बैठाने के बाद वापस घर लौट रहा था तभी दोस्ती नगर चौकी के पास तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के मुताबिक अजगैन कोतवाली क्षेत्र के बीरूगढ़ी गांव के रहने वाले गोवर्धन का 19 वर्षीय बेटा मिथलेश करीब दो साल से मुंबई में रहकर सिलाई का काम करता था। एक माह पहले वह वापस घर लौटा था। घर पर ही रहकर काम कर रहा था। शनिवार रात वह अपने चचेरे भाई को उन्नाव रेलवे स्टेशन पर छोड़ने गया। जहां से वापस बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र के दोस्ती नगर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया जहां डाक्टर दिलीप अग्रवाल ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। रविवार सुबह पोस्टमार्टम हॉउस पहुचे परिजनों ने शव देखा तो रो रो कर बेहाल होते रहे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस बाबत पूछे जाने पर चौकी इंचार्ज इंद्रदेव उपाध्याय ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






