रसोइयां पाक कला प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता जांचने तथा रसोइयों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय रसोइया पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
पीएम पोषण योजनान्तर्गत आयोजित प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्य अतिथि राजरानी रावत अध्यक्ष जिला पंचायत एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष देव पाण्डेय ने दीप प्रज्जवलित कर किया। जनपद के समस्त विकास खण्डों से कुल 30 रसोइयों ने प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण कराया जिसमें से 24 रसोइयां प्रतियोगिता में उपस्थित हुए। भोजन के लिए मध्यान्ह भोजन मेन्यू के अनुसार पर्चियां तैयार की गयी, जिसमें से लाटरी के माध्यम से तहरी का चयन किया गया। प्रतियोगिता में भोजन पकाने हेतु सभी प्रतिभागियों को भोजन बनाने की सामग्री उपलब्ध करायी गयी। रसोइयों ने अपने-अपने स्टॉल पर भोजन पकाना प्रारम्भ किया। इस दौरान निर्णायक मण्डल के सदस्य जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभारी प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मनोरमा चौरसिया, राजकीय बालिका इण्टर कालेज गृह विज्ञान प्रवक्ता प्राची शुक्ला, प्रतिष्ठित होटल के शेफ रवि कुंवर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजू यादव, चिकित्सा विभाग से स्वास्थ्य अधिकारी के रूप में डॉ. शुचिता शुक्ला द्वारा प्रत्येक स्टाल पर जाकर भोजन पकाने के दौरान स्वच्छता तथा पके हुए भोजन को चख कर भोजन का स्वाद, पौष्टिक तत्व एवं रसोइयों के व्यवहार आदि का आकलन करते हुए 6 बिन्दुओं पर अंक प्रदान किये गए। निर्णायक मण्डल द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय विशुनपुर की रीना देवी प्रथम स्थान पर रहीं। प्राथमिक विद्यालय किरसिया की रसोइयां हेमलता सिंह द्वितीय तथा माध्यमिक विद्यालय सुरवारी की रसोइयां सावित्री तृतीय स्थान पर रहीं। तीनों रसोइयों को क्रमशः 3500/-, 2500/- एवं 1500/- की धनराशि के चेक, प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समस्त प्रतिभागी रसोइयों को रुपए 300/- का सांत्वना पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






