एलएसयूएम व एलएसयूसी समितियों को दिया गया प्रशिक्षण
तेजस टूडे ब्यूरो
शिवमंगल अग्रहरि
चित्रकूट। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में गठित लीगल सर्विसेज यूनिट फार चिल्ड्रेन (एलएसयूसी) एवं लीगल सर्विसेज यूनिट मनोन्याय (एलएसयूएम) समितियों के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण बुधवार को हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अपर जिला जज नीलू मैनवाल ने समिति के सदस्यों, पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिकार मित्रों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार गठित इन समितियों के उद्देश्य एवं क्रियान्वयन के सम्बन्ध में जानकारी दी।
साथ ही बताया कि भारत में बच्चों एवं दिव्यांगों के लिये कानूनी सेवाओं का अधिकार, संवैधानिक और वैधानिक प्रावधानों के साथ कई अन्तर्राष्ट्रीय साधनों के रूप में भी स्पष्ट वर्णित है जिसमें बच्चों एवं दिव्यांगों के लिये विशेष विधिक सहायता यूनिट की स्थापना प्रत्येक जिले में की जायेगी जिसके अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज होंगे। इसके द्वारा थाने में, किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति, जेल इत्यादि में बच्चों को विधिक सेवा प्रदान करने सम्बन्धी इकाई का गठन किया जाना है जिसके संचालन के लिए जिला स्तर पर गठित समिति द्वारा इस सम्बन्ध में जनपद में संचालित विभिन्न सरकारी विभागों जिसमें समाज कल्याण, दिव्यांग कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग तथा पुलिस विभाग इत्यादि से समन्वय स्थापित करके बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शासन द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं का प्रभावी रूप से क्रियान्वयन कराया जाएगा।
बचपन डे केयर सेण्टर शिवरामपुर के को-आर्डिनेटर विष्णुदत्त बादल ने बताया कि कुण्ठावस्था एवं दिव्यांग पेंशन योजना के लिए 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र 40 प्रतिशत से अधिक, आय प्रमाण पत्र, बैंक-पासबुक, कार्यवाही रजिस्टर जमा करने पर पात्र होते हैं। इसके अलावा कृत्रिम अंग सहायक उपकरण वितरण योजना के अन्तर्गत ट्राईसाईकिल, ह्वीलचेयर, कान की मशीन, छड़ी, बैशाखी आदि प्रदान किये जाते हैं। साथ ही बताया कि शादी प्रोत्साहन के अन्तर्गत महिला के दिव्यांग होने पर 20,000 रुपये, पुरुष के दिव्यांग होने पर 15,000 रुपये तथा दोनों के दिव्यांग होने पर 35,000 रुपये की राशि प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में शासन द्वारा प्रदान की जाती है। इस अवसर पर लीगल सर्विसेज यूनिट फार चिल्ड्रेन (एलएसयूसी) एवं लीगल सर्विसेज यूनिट मनोन्याय (एलएमयूएम) के सदस्य आदि मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।






